News
Posted by Shikha Shrivastava | March 28, 2026
मंडला (म.प्र.)
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं ह्यूमन राइट्स प्रोटेक्शन सेल (HRPC) के संयुक्त तत्वावधान में विवेक तन्खा मेमोरियल दिव्यांग स्कूल, मंडला में एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं मजिस्ट्रेट श्री तपन धारगा के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मजिस्ट्रेट श्री तपन धारगा ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा दिव्यांग बच्चों को नि:शुल्क कानूनी सहायता प्रदान की जाती है। Child-Friendly Legal Services (2024) एवं Legal Services to Persons with Mental Illness & Intellectual Disabilities (2024) योजनाओं के माध्यम से दिव्यांग बच्चों को विधिक परामर्श, प्रतिनिधित्व एवं उनके अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाती है। उन्होंने बताया कि पात्र हितग्राही आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने जिले के DLSA कार्यालय (जिला न्यायालय परिसर) में संपर्क कर सकते हैं।
ह्यूमन राइट्स प्रोटेक्शन सेल (HRPC) की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती शिखा श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि शासन द्वारा दिव्यांग बच्चों के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें प्रमुख रूप से अद्वितीय दिव्यांग पहचान-पत्र (UDID), प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाएं, समावेशी शिक्षा (RPWD अधिनियम/समग्र शिक्षा), राष्ट्रीय ट्रस्ट की निश्चय एवं वात्सल्य योजनाएं तथा मुख्यमंत्री/राज्य स्तरीय सहायता योजनाएं (उपकरण, यात्रा रियायत, पेंशन) शामिल हैं।
एडवोकेट प्रज्ञा झा ने बताया कि इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ UDID के माध्यम से आंगनवाड़ी, स्कूल अथवा DLSA के जरिए आवेदन किया जा सकता है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मजिस्ट्रेट श्री तपन धारगा एवं HRPC टीम द्वारा दिव्यांग बच्चों द्वारा निर्मित सामग्रियों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया गया तथा उन्हें रचनात्मक गतिविधियों में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों में बच्चों द्वारा निर्मित वस्तुओं के स्टॉल लगाने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया।
इस जागरूकता शिविर में मजिस्ट्रेट श्री तपन धारगा, HRPC की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती शिखा श्रीवास्तव, सक्रिय सदस्य श्रीमती रागिनी तिवारी, अनीता पांडे, सरोज सोनी, शिखा सोनी, अनुपमा चौरसिया, आकांक्षा साहू, एडवोकेट प्रज्ञा झा, याशना ताराम, साक्षी दुबे, विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं संबंधित स्टाफ उपस्थित रहे।